ये हैं दिसम्बर 2021 में सबसे ज्यादा धमाल मचाने वाले गढ़वाली गीत

दिसम्बर 2021 में धूम मचाने वाले गढ़वाली गीत

दिसम्बर माह नववर्ष 2021 का आखिरी महीना था और हर बार की तरह की इसमें कलाकारों द्वारा काफी गीतों को रिलीज किया गया।

इन गीतों में जिन गीतों ने दर्शकों का मन लुभाया है वह निम्न हैं:

ठेठ पहाड़ी

अनीशा रांगड़ और इंदर आर्या की जोड़ी द्वारा गाया गीत ‘ठेठ पहाड़ी’ लोगों को इतना पसंद आया कि उन्होंने साढ़े नौ लाख व्यूज इस गीत को दिये हैं। गीत एक म्यूट लव स्टोरी है जिसमें एक ऐसा व्यक्ति जो बोल नहीं सकता है वो अपने दोस्त की मदद से अपनी पसंद की लड़की को अपने से शादी करने के लिए मनाता दिखता है। वह मना पाता है या नहीं यह तो आप गीत देखकर ही जान पाएंगे।

यह गीत पी आर फिल्म प्रोडक्शन के चैनल से रिलीज किया गया है। गीत के बोल राज टाइगर द्वारा लिखे गए हैं और धुन भी उनके द्वारा ही तैयार की गयी है। उन्होंने गीत में रैप भी किया है। गीत का संगीत डीजे ए वायरस द्वारा दिया गया है।

गीत को दिव्या नेगी, राज टाइगर और राकेश जोशी पर फिल्माया गया है जिसमें अंकित रावत द्वारा एक गेस्ट भूमिका में भी नजर आये हैं।

गीत निम्न लिंक पर जाकर सुना जा सकता है:

https://www.youtube.com/watch?v=Xkztpr60giU

ठेठ पहाड़ी

तू बते दे ना

अमित खरे की मखमली आवाज से सजा गीत ‘तू बते द ना’ को दर्शकों और श्रोताओं ने 3 लाख से ऊपर व्यूज देकर इस लिस्ट में शामिल किया है। यह गीत मशकबीन चैनल से आया है और इसका संगीत टीनु अरोड़ा द्वारा दिया गया है। गीत के बोल आशीष आर जे द्वारा लिखे गए हैं।

गीत का विडिओ बेहद खूबसूरत है और इसे श्वेता महारा और शुभ चंद्रा पर फिल्माया गया है।

गीत निम्न लिंक पर जाकर सुना जा सकता है:

तू बते दे ना

ना रे छोरा

दिसंबर के माह में अगला गीत जिसने दर्शकों का प्यार हासिल किया है वह रॉमैट्स और प्रियंका मेहर का गीत ‘ना रे छोरा है’। यह गीत गढ़वाली और हिंदी का मिक्स है। गीत एक शहरी लड़के और गाँव की लड़की के बीच की बातचीत को दर्शाता है। लड़की गाँव में रहने वाली ब्राह्मण है और लड़का शहर में रहना वाला राजपूत है। ऐसे में उनके बीच न केवल जात का फर्क है बल्कि उनकी जीवन शैलियों में भी काफी फर्क है। इस फर्क का ज्ञान लड़की लड़के को देती दिखती है। क्या लड़के पर इस बात का असर होता है और इन प्रेमियों के साथ अंत में क्या होता है यही गीत बनता है।

रॉमैटट्स एक बैंड है जो कि अक्सर हिंदी गीत ही अपने चैनल पर प्रकाशित करता। ऐसे में उनके द्वारा गढ़वाली गीत को भी जगह देकर अपनी जड़ों से जुड़ने का यह प्रयास सराहनीय है।

गीत रॉमैट्स के चैनल से आया है।

गीत के बोल और गीत की धुन रॉबिन रतुड़ी द्वारा लिखे गए हैं। गीत को पॉपशॉप म्यूजिक द्वारा रिलीज किया गया है और इसे मनीष चौहान द्वारा निर्देशित किया गया है।

गीत के विडिओ में प्रियंका मेहर और रॉमैट्स बैंड देखा जा सकता है।

ना रे छोरा

रंगीली भौजी

दिसम्बर में धूम मचाने वाला अगला गीत रुहान भरद्वाज का रंगीली भौजी है। रुहान भारद्वाज के ऑफिसियल चैनल से आए इस गीत को अब तक दर्शक 1.7 लाख के करीब व्यूज दे चुके हैं।

बताते चलें यह गीत पद्मश्री प्रीतम भरतवाण के पुराने गीत का आधुनिक संस्करण है। गीत को गाया और गीत का संगीत रुहान भारद्वाज द्वारा दिया गया है। गीत का स्टाइल ओपी भारद्वाज का है और इसका रिदम सुभाष पाण्डेय द्वारा दिया गया है।

गीत का विडियो सोहन चौहान द्वारा निर्देशित किया गया है। वहीं गीत में शिल्पा भट्ट बहुगुणा, रुहान भारद्वाज और किरण सिंह नजर आ रहे हैं।

रंगीली बौजी

बताते चलें इस गीत के बोल प्रीतम भरतवाण द्वारा लिखे गए थे। वहीं पुराने संस्करण में इस गीत को प्रीतम भरतवाण, मीना राणा और मंगला रावत द्वारा गाया गया था। गीत का पुराना संस्करण आप नीचे सुन सकते हैं:

रंगीली बौजी

झुमका गिरी रे

दिसंबर 2021 में लोगों को झूमने पर मजबूर करने वाला अगला गीत ‘झुमका गिरी रे’ रहा। दर्शकों ने इसे 1.1 लाख व्यूज देकर इसके प्रति अपना प्यार दर्शाया है।

संजय भण्डारी और अनीशा रांगड़ की आवाज में गाया गया यह गीत एनआरजे म्यूजिक चैनल से आया है। गीत के बोल संजय भण्डारी द्वारा लिखे गए हैं और इसका संगीत शैलेन्द्र शैलू द्वारा दिया गया है।

गीत को संजय सीलोड़ी और दिव्या नेगी पर फिल्माया गया है। गीत का निर्देशन विजय भारती द्वारा किया गया है। गीत में संजय सीलोड़ी एक पुलिस अफसर की भूमिका में दिखे हैं जिनके पास दिव्या अपने झुमके के खोने की शिकायत लेकर आती हैं। इस झुमके की तलाश इन दो किरदारों को किस मोड़ पर ले जाता है ये तो आप नीचे दिये विडिओ को देखकर ही जानेंगे तो बेहतर होगा।

झुमका गिरी रे

तो ये थे दिसंबर में आए वो गढ़वाली गीत जिन्हें यूट्यूब पर आपने अपने प्यार से नवाजा। आपको इनमें से कौन से गीत पसंद आए? अपनी राय से हमें वाकिफ जरूर करवाइएगा। चलचित्र सेंट्रल की तरफ से आप सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ।

About विकास नैनवाल 'अंजान'

विकास नैनवाल पेशे से सॉफ्टवेर इंजिनियर हैं। अलग अलग तरह के विषयों पर उन्हें लिखना पसंद है। एकबुकजर्नल और दुईबात नाम से वह अपने व्यक्तिगत ब्लोगों का संचालन भी करते हैं।

View all posts by विकास नैनवाल 'अंजान' →

Leave a Reply